होम › कबाड़ी दुकान
कबाड़ की दुकान कैसे खोलें
मोहल्ले की एक छोटी दुकान भी अच्छा कारोबार बन सकती है — अगर शुरुआत ठीक हो।
संक्षेप में: कबाड़ी की दुकान खोलने में कितना ख़र्च आता है?
ख़र्च जगह के किराए, काँटा-औज़ार, रजिस्ट्रेशन और माल ख़रीदने की पूँजी पर निर्भर है। सबसे बड़ा हिस्सा माल में रुका पैसा होता है, इसलिए उतना पैसा अलग रखिए।
जगह चुनते समय
- रिहायशी इलाक़े और बाज़ार के बीच की जगह — माल भी आए और ट्रक भी पहुँच सके
- माल रखने और छाँटने के लिए खुली जगह, ऊपर छत ताकि गत्ता-रद्दी भीगे नहीं
- स्थानीय नियम — कई शहरों में रिहायशी गली में कबाड़ के गोदाम की मनाही होती है
ज़रूरी सामान
- इलेक्ट्रॉनिक तौल-काँटा — नापतौल विभाग की मुहर वाला; छोटा और बड़ा, दोनों
- चुंबक — लोहा और नॉन-फेरस अलग करने के लिए
- कटर, हथौड़ा, तार छीलने का औज़ार, दस्ताने
- अलग-अलग माल के लिए बोरी/डिब्बे और साफ़ लिखे निशान
- हिसाब की कॉपी या मोबाइल में ऐप
कौन-से काग़ज़ चाहिए
दुकान का रजिस्ट्रेशन (Shop & Establishment), नगर निगम का ट्रेड License जहाँ लागू हो, Udyam रजिस्ट्रेशन, और कारोबार तय सीमा से ऊपर जाए तो GST। कुछ शहरों में पुराने सामान के व्यापार के लिए पुलिस को सूचना देने का नियम भी है। विस्तार से: License और GST।
शुरुआती ख़र्च का हिसाब कैसे लगाएँ
ख़र्च को चार हिस्सों में बाँटिए — जगह (किराया/एडवांस), सामान (काँटा, औज़ार), काग़ज़ (रजिस्ट्रेशन) और माल का पैसा (जो ख़रीद में रुकेगा)। आख़िरी हिस्सा सबसे बड़ा होता है, इसलिए उतना पैसा हाथ में रखिए कि दो-तीन हफ़्ते माल रोकना पड़े तो भी काम न रुके।
दिन भर का काम
- सुबह भाव देखिए — आज किस माल का रुख़ ऊपर है, किसका नीचे।
- आए माल को तौलिए, पहचानिए, और भाव बताइए — सब ग्राहक के सामने।
- शाम को माल किस्म के हिसाब से छाँटकर अलग ढेर बनाइए।
- लॉट बड़ा होते ही होलसेलर या ख़रीदार को बुलाइए।
- हर ख़रीद-बिक्री उसी दिन लिखिए।
ख़रीद में सावधानी — सबसे अहम
- चोरी का शक हो तो मत ख़रीदिए — नए बिजली के तार, सरकारी सामान, गाड़ी के नए पुर्ज़े, मैनहोल के ढक्कन।
- बड़ी मात्रा में माल लाने वाले का नाम-पता और पहचान लिख लीजिए।
- नक़ली माल पहचानिए — तांबे जैसा दिखने वाला CCA तार, पीतल चढ़ा लोहा।
कमाई कैसे बढ़ाएँ
- छँटाई पर मेहनत — मिला माल कम, छँटा माल ज़्यादा भाव लाता है
- हर घंटे का भाव पता रहे, ताकि सही समय पर बेचें (Live Rate सेवा)
- मोहल्ले की दुकानों और वर्कशॉप से नियमित माल का रिश्ता
- बड़े ख़रीदार से सीधा संपर्क (Buyer & Seller Connect)